फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सीएम योगी से की मुलाकात, दिखाए फिल्म के खास अंश

HIGHLIGHTS
- फिल्म का निर्माण करीब दो करोड़ रुपये के बजट में किया गया है
- कहानी में लक्ष्मी नारायण शर्मा के नीब करोरी बाबा बनने की यात्रा दिखाई गई है
- फिल्म में नाथ संप्रदाय के संतों से जुड़े प्रसंगों को भी शामिल किया गया है
लखनऊ। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकारों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान टीम ने उन्हें फिल्म के कुछ खास अंश दिखाए। इनमें नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और गुरु गोरक्षनाथ की पंक्तियों से संबंधित हिस्सा भी शामिल था। मुख्यमंत्री योगी ने फिल्म और टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
करीब दो करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक एवं निर्माता विशाल चतुर्वेदी ने मुलाकात के बाद बताया कि फिल्म में नीब करोरी बाबा के घर छोड़कर ईश्वर की खोज में निकलने की यात्रा को दर्शाया गया है। बचपन में मां के निधन के बाद लक्ष्मी नारायण शर्मा, जो आगे चलकर नीब करोरी बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए, घर से निकल गए थे। इसके बाद उनका संपर्क नाथ संप्रदाय के संतों से हुआ। संन्यास लेने से पहले उन्होंने इन संतों के साथ समय बिताया था।
विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, नीब करोरी बाबा की इसी आध्यात्मिक यात्रा को देखते हुए फिल्म में गुरु गोरक्षनाथ की लिखी पंक्तियों का संदर्भ लिया गया है। उनके अनुसार, नाथ संप्रदाय के संतों के साथ रहने के दौरान नीब करोरी बाबा की अंतर्यात्रा शुरू होने के संदर्भ मिलते हैं। फिल्म में उनके कुंडलिनी जागरण, अन्नपूर्णा समेत कई सिद्धियां प्राप्त होने और पक्षियों की आवाजें सुनने से जुड़े प्रसंगों को भी शामिल किया गया है।
विशाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी स्वयं संत परंपरा से आते हैं। इसी वजह से टीम ने उन्हें फिल्म का वह हिस्सा भी दिखाया, जो भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा है। फिल्म में नीब करोरी बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात सुखद रही। टीम को उनका आशीर्वाद मिला और इसके लिए सभी आभारी हैं।
यूपी में शूटिंग के लिए कई बेहतरीन लोकेशन
विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। नोएडा में बन रही फिल्म सिटी के साथ-साथ वाराणसी, चित्रकूट, मथुरा, वृंदावन, प्रयागराज और आगरा में शूटिंग के लिए बेहतरीन लोकेशन मौजूद हैं। उनका प्रोडक्शन हाउस भी उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है और फिल्म के लगभग सभी कलाकार उत्तर और मध्य भारत से हैं।
विशाल मूल रूप से झांसी के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई गोरखपुर में की है, जबकि उनका परिवार लखनऊ में रहता है। नीब करोरी बाबा की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्या भी लखनऊ के रहने वाले हैं। फिल्म में उनकी पत्नी का किरदार निभाने वाली पूर्णिमा तिवारी और निर्माता रागिनी सोना भी लखनऊ की रहने वाली हैं।
विशाल ने कहा कि आगे भी उत्तर प्रदेश से जुड़े विषयों को केंद्र में रखकर फिल्मों का निर्माण किया जाएगा। यूपी की कहानी और यहां की बोली पर आधारित फिल्मों को दक्षिण भारत में भी दर्शक मिल रहे हैं। आने वाली फिल्मों के लिए प्रदेश के अलग-अलग शहरों में टैलेंट हंट किया जाएगा और थिएटर से जुड़े कलाकारों को भी अवसर दिया जाएगा। कोशिश उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के कलाकारों को फिल्म निर्माण से जोड़ने तथा उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर देने की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.