ग्रेटर नोएडा: 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत, बेटे को बचाने में गई पिता की जान

HIGHLIGHTS
- रणदीप पात्रा दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर थे।
- परिवार खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहा था।
- पूजा के लिए पिता और बेटा बालकनी में फूल तोड़ रहे थे।
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। टावर-23 की 23वीं मंजिल से गिरने के कारण पिता रणदीप पात्रा (40) और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव की जान चली गई। रणदीप पात्रा दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।
पूजा के लिए बालकनी में फूल तोड़ रहे थे पिता-पुत्र
पुलिस के अनुसार, रणदीप पात्रा अपने बेटे आरव और पत्नी के साथ टावर-23 में रहते थे। शुक्रवार सुबह परिवार खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहा था। पूजा के लिए रणदीप और आरव बालकनी में सीढ़ी लगाकर फूल तोड़ रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घर के अंदर तैयार हो रही थीं।
बेटे को बचाने की कोशिश में नीचे गिरे पिता
इसी दौरान आरव का पैर सीढ़ी से फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया। बेटे को इस हालत में देखकर रणदीप उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन इस कोशिश में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 4:20 बजे कंट्रोल रूम को महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.