गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने बाइक सवार दंपती को 50 मीटर तक घसीटा

HIGHLIGHTS
- एनएच-9 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी।
- हादसे के बाद ट्रक करीब 50 मीटर तक दंपती को घसीटता ले गया।
- पुलिस ने ट्रक और बाइक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू की।
यूपी के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के आगे फंस गई और ट्रक दंपती को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते दिल्ली से मेरठ जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पति एरिया मैनेजर, पत्नी थीं डायटीशियन
पुलिस के अनुसार, आशीष आनंद (36) अपनी पत्नी नीलम त्यागी (32) और छह साल की बेटी अश्विका के साथ इंदिरापुरम की साया गोल्ड सोसायटी के टावर-सात में रहते थे।
आसपास के लोगों के मुताबिक, आशीष दिल्ली की जीएसके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करते थे। वहीं उनकी पत्नी नीलम पहले इंदिरापुरम के एक निजी अस्पताल में डायटीशियन थीं। पिछले कुछ समय से वह घर से ही लोगों को डाइट प्लान देती थीं और ऑनलाइन काउंसलिंग भी करती थीं। दंपती ने करीब दो साल पहले ही इस सोसायटी में फ्लैट खरीदा था।
आशीष ने हेलमेट पहना था, नीलम बिना हेलमेट थीं
नीलम के भाई गौरव ने बताया कि वह बागपत के धटौली के रहने वाले हैं और रक्षाबंधन के मौके पर बहन से राखी बंधवाने आए थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण आशीष और नीलम तुराबनगर बाजार में खरीदारी के लिए निकले थे।
घर से कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद पीछे से आए पंजाब के होशियारपुर में पंजीकृत लोडेड बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के समय आशीष ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि नीलम ने हेलमेट नहीं पहना था।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
CCTV फुटेज से हादसे की जांच
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
जाम से बचने के लिए खरीदी थी नई बाइक
मृतक नीलम के भाई गौरव ने बताया कि दंपती ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी और उसका नंबर भी अभी नहीं आया था। जाम से बचने के लिए दोनों इसी बाइक से खरीदारी के लिए निकले थे।
गौरव ने बताया कि आशीष के बड़े भाई अंकुर ताइवान में नौकरी करते हैं। उन्हें हादसे की जानकारी दे दी गई है और वह भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। आशीष के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था।
हादसे के बाद जाम, लोगों ने किया हंगामा
एनएच-9 पर सड़क के बीच ट्रक खड़ा होने और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने से दिल्ली से मेरठ जाने वाले रास्ते पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं मेरठ से दिल्ली की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी लोगों ने वाहन रोककर हादसा देखने की कोशिश की, जिससे वहां भी जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया, इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई और जाम खुलवाया।
2019 में हुई थी दोनों की शादी
गौरव के अनुसार, उनकी बहन नीलम की शादी 26 मार्च 2019 को आशीष के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों पहले प्रताप विहार, गाजियाबाद में किराये के मकान में रहते थे। करीब दो साल पहले उन्होंने अपना फ्लैट खरीदा था।
फिलहाल उनकी छह साल की बेटी अश्विका अपने नाना-नानी के पास है। बच्ची को अभी हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.