पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में लुधियाना से व्यक्ति गिरफ्तार, CCTV फीड भेजने का दावा

HIGHLIGHTS
- पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार।
- आरोपी पर CCTV की लाइव फीड पाकिस्तानी एजेंसियों तक पहुंचाने का आरोप।
- पुलिस ने आरोपी के पास से CCTV कैमरे समेत कई सामान बरामद किए।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में किराये पर दुकान लेकर वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। इन कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों तक पहुंचाई जा रही थी। इसी फीड के जरिए लुधियाना में सुरक्षा गतिविधियों और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर नजर रखे जाने का आरोप है।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां के सराफकोट निवासी रासपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय करमजीत सिंह के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने 27 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने दो सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई राउटर/बॉक्स, पावर एडाप्टर और 64 जीबी का मेमोरी कार्ड बरामद किया है।
अस्पताल के सामने किराये पर ली थी दुकान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रासपाल सिंह ने प्लॉट नंबर-1, न्यू सुंदर नगर, फिरोजपुर रोड पर मेडिवे अस्पताल के सामने एक दुकान किराये पर ली थी। दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। आरोप है कि इन कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी पहुंच पाकिस्तान में मौजूद खुफिया एजेंटों को दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, पाकिस्तानी ऑपरेटिव इसी लाइव फीड के माध्यम से लुधियाना जिले की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सुरक्षा गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस जानकारी का इस्तेमाल अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकियां देने के लिए किए जाने की बात की भी जांच की जा रही है।
सुरक्षा और रणनीतिक गतिविधियों की जानकारी भेजने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी की भूमिका सिर्फ सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं थी। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा एजेंसियों और रणनीतिक गतिविधियों से संबंधित संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों तक भेजने का भी आरोप है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अभी तक कितनी संवेदनशील जानकारी साझा की है और पाकिस्तान में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
इस मामले में थाना सराभा नगर में 27 अगस्त 2026 को एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट-1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य अब तक पाकिस्तान भेजी गई संवेदनशील सूचनाओं, आरोपी के पाकिस्तानी हैंडलरों, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और भविष्य की किसी संभावित योजना के बारे में जानकारी जुटाना है।
नशा तस्करी का भी मामला दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रासपाल सिंह के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज है। थाना डेरा बाबा नानक में 26 जून 2026 को उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
संयुक्त टीम में सीआईए स्टाफ लुधियाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह, थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के इंस्पेक्टर कैलाश शामिल रहे। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.