नदिया में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार से लौट रहे चार युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत

HIGHLIGHTS
- नदिया जिले में अंतिम संस्कार से लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई।
- एक ही बाइक से लौटते समय वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे और दीवार से टकराया।
- राणाघाट पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, इलाके में शोक की लहर।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में अंतिम संस्कार से लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात राणाघाट थाना क्षेत्र के मासुंडा इलाके के पास यह दुर्घटना हुई।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, चारों युवक बलागढ़ घाट पर एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद एक ही मोटरसाइकिल से अपने घर मासुंडा लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई, इसके बाद पास की दीवार से जा भिड़ी।
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को इलाज के लिए राणाघाट अनुमंडल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान सबुज विश्वास, प्रताप प्रमाणिक, अमित विश्वास और सौमेन हलदर के रूप में हुई है। सभी की उम्र 30 वर्ष से कम थी और वे राणाघाट के मासुंडा क्षेत्र के रहने वाले थे।
अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक प्रताप प्रमाणिक के चाचा विश्वजीत विश्वास ने बताया कि चारों युवक एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद राणाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इसमें तेज रफ्तार, एक बाइक पर चार लोगों के सवार होने या किसी अन्य वजह की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.