मुजफ्फरनगर में ट्रांसफॉर्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 'ऑपरेशन किसान प्रहरी' में 3 आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- ट्रांसफॉर्मर की कॉपर कॉयल, केबल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए।
- पुलिस फरार आरोपियों और चोरी के सामान खरीदने वालों की भी तलाश कर रही है।
मुजफ्फरनगर। किसानों के ट्रांसफॉर्मर और ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरणों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन किसान प्रहरी' के तहत सक्रिय एक गिरोह का खुलासा किया है।
शनिवार अपराह्न करीब चार बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि थाना फुगाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
चोरी का सामान और उपकरण बरामद
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफॉर्मरों की छह कॉपर कॉयल, दो सिल्वर कॉयल, ट्यूबवेल के तीन कटआउट, करीब आठ फुट केबल तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, प्लास, रिंच, हथौड़ी समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस अब उनके पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली
प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कुछ दिन पहले ग्राम लोई स्थित सरकारी स्कूल के ट्रांसफॉर्मर से तेल और कॉपर कॉयल चोरी की थी।
इसके अलावा फुगाना क्षेत्र के जंगलों में किसानों के करीब एक दर्जन ट्यूबवेलों से केबल, स्टार्टर और कटआउट चोरी करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है।
उन्होंने यह भी बताया कि चोरी किया गया सामान आगे अन्य लोगों को बेच दिया जाता था। पुलिस उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
'ऑपरेशन किसान प्रहरी' के तहत जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी ने कहा कि किसानों की विद्युत संपत्तियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 'ऑपरेशन किसान प्रहरी' अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी ने बताया कि इस कार्रवाई को थाना फुगाना के प्रभारी निरीक्षक दीपक चौधरी के नेतृत्व में एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस टीम के सराहनीय कार्य को देखते हुए पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.