‘सत्य एक है और मानवता उसी की उपज’: न्यूयॉर्क में बोले मोहन भागवत

HIGHLIGHTS
- ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में शामिल हुए आरएसएस प्रमुख
- 2018 के नई दिल्ली कार्यक्रम का भागवत ने किया जिक्र
- अलग-अलग धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों पर रखी बात
न्यूयॉर्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को न्यूयॉर्क में आयोजित ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में मानवता की एकता पर जोर दिया। भारत की सदियों पुरानी ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की सोच का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म और पूजा-पद्धतियां भले अलग हों, लेकिन पूरी मानवता एक ही है।
उन्होंने 2018 में नई दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि वहां मौजूद कई मुस्लिमों ने उनसे पूछा था कि आप हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, तो क्या मुस्लिमों को देश से बाहर कर दिया जाएगा। इस पर उन्होंने जवाब दिया था, ‘नहीं, यह हिंदुत्व नहीं है। अगर कोई यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होना चाहिए, तो वह असल में हिंदू नहीं है।’
धर्म गुरुओं के सम्मेलन में पहुंचे भागवत
धर्म गुरुओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि सत्य एक है, लेकिन अलग-अलग लोग अपनी समझ और दृष्टिकोण के अनुसार उसे अलग-अलग रूप में व्यक्त करते हैं। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि हम सभी इंसान हैं और हमारे दिमाग में बने सॉफ्टवेयर के कैदी हैं।
उन्होंने कहा कि वह खुद धार्मिक विद्वान या धार्मिक अथॉरिटी नहीं हैं, लेकिन जिस समाज में वह काम करते हैं, उसकी परंपरा यह मानती है कि धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, जबकि मानवता एक ही है। भागवत ने कहा, ‘सत्य एक है और मानवता उसी सत्य की उपज है, इसलिए इंसानियत भी एक है।’
तीन देशों की वैश्विक संपर्क यात्रा का पहला चरण
संघ प्रमुख ने दुनिया में मौजूद अलग-अलग धर्मों और उनकी धार्मिक परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज धर्मों को काफी हद तक उनके रीति-रिवाजों और अनुष्ठानों के आधार पर परिभाषित किया जाता है। उन्होंने माना कि धार्मिक अनुशासन और अनुष्ठान किसी व्यक्ति के आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हो सकते हैं।
मोहन भागवत इस सप्ताह की शुरुआत में न्यूयॉर्क पहुंचे थे। यह उनकी तीन देशों की वैश्विक संपर्क यात्रा का पहला चरण है। अमेरिका के बाद वह कनाडा और ब्रिटेन की यात्रा भी करेंगे। उनका यह दौरा आरएसएस के शताब्दी वर्ष के आयोजनों के तहत विदेशों में रहने वाले विभिन्न संगठनों के निमंत्रण पर हो रहा है।
‘संघ में केवल सेवा करने वालों की जगह’
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, न्यूयॉर्क में आयोजित यह कार्यक्रम विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाने वाला अंतरधार्मिक आयोजन है। इसका उद्देश्य खुले संवाद, पारस्परिक सम्मान, समझ और साझा उद्देश्य को बढ़ावा देना है।
संघ प्रमुख ने कहा कि जो लोग कुछ पाने की इच्छा से संघ में आना चाहते हैं, वे न आएं। संघ में केवल सेवा करने वालों के लिए जगह है। उन्होंने बताया कि 1996 में हरियाणा में हुए विमान हादसे के दौरान संघ कार्यकर्ताओं ने बिना किसी धार्मिक भेदभाव के राहत अभियान चलाया था। भागवत ने कहा कि अगर हम समाज को शिक्षित करना बंद कर देंगे, तो उसमें भटकाव आने लगेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.