एटीएम तोड़ने की कोशिश करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने एटीएम में चोरी की कोशिश के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 25 जनवरी 2026 की सुबह मोरना स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम केंद्र पर हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मोरना निवासी विकास कुमार ने 31 जनवरी को भोपा थाने में तहरीर देकर बताया था कि 25 जनवरी की तड़के करीब 4:51 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने एटीएम मशीन को नुकसान पहुंचाकर नकदी निकालने का प्रयास किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। उप निरीक्षक पिंटू चौधरी के नेतृत्व वाली टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने भोपा–मोरना मार्ग पर ककराला रजवाहे के समीप दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अभिषेक पुत्र ओमकुमार, निवासी नगला दुहेड़ी तथा मोहित पुत्र नेत्रपाल सिंह, निवासी कम्हेड़ा, थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान अभिषेक के पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि मोहित के कब्जे से एक चाकू मिला। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं और इनके खिलाफ भोपा थाने में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पिंटू चौधरी के साथ हेड कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल दलेल यादव और कांस्टेबल अनुपम यादव शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.