UP में 60+ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, CM योगी बोले- बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला जाएगा जेल या जहन्नुम

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में योजना का शुभारंभ
- रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को लाभ मिलने का अनुमान
- पात्र महिलाओं के लिए परिवहन निगम जारी करेगा विशेष स्मार्ट कार्ड
लखनऊ। 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को अब यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत की।
इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। अनुमान है कि रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। निशुल्क यात्रा के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे। इससे पात्र महिला यात्रियों की पहचान करने और निशुल्क यात्रा की व्यवस्था को आसान बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माता अहिल्याबाई साहस और स्वाभिमान की प्रतीक हैं। इसी वजह से योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ रखा गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को अपने एक सहयात्री के साथ निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को मुफ्त बस यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति को याद करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और भविष्य को लेकर स्थिति ठीक नहीं थी। प्रदेश में उत्सव से पहले दंगे हो जाते थे और अव्यवस्था तथा अराजकता का माहौल रहता था। उनके मुताबिक, मोदी के नेतृत्व में यूपी में डबल इंजन की सरकार आने के बाद अराजकता को उत्सव में बदला गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के केंद्र में बेटी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले योजनाओं में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी होती थी। अब बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जेल या जहन्नुम में कोई एक जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की सुरक्षा किस्मत पर निर्भर थी, लेकिन अब यह सिस्टम और तकनीक पर आधारित है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूद महिलाओं से बातचीत कर सरकार के इस फैसले पर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी। महिलाओं ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद और आभार जताया। उन्नाव की पुष्पा ने सीएम योगी से कहा कि इस सुविधा से उन्हें काफी लाभ मिलेगा और अब कहीं जाने के लिए उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस पर सीएम योगी ने महिलाओं से कहा कि आप अच्छे लोगों को चुनते हैं तो अच्छा ही होता है।
निगम की ओर से जारी होंगे विशेष स्मार्ट कार्ड
योजना के तहत निशुल्क यात्रा सुविधा को व्यवस्थित रूप से लागू करने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। स्मार्ट कार्ड से पात्र महिला यात्रियों की पहचान और निशुल्क यात्रा की व्यवस्था को सुगम बनाया जा सकेगा।
हर महीने 22 करोड़ से ज्यादा का अतिरिक्त खर्च
इस सुविधा से सरकार पर हर महीने 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। योगी सरकार ने इस फैसले के जरिए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी है। ‘सशक्त नारी’ के संकल्प को अब परिवहन सेवाओं से भी जोड़ा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.