उत्तर भारत में मौसम बदला: पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से आंधी-बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। पश्चिम विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के बाद उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिन राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना है वहां 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। बीते सोमवार से गर्मी पर ब्रेक लग गया है और हल्की ठंड का एहसास हुआ है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 14°C तक रहने की संभावना है। 18 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में भी मौसम अचानक बदल गया है। पिछले 24 घंटे से तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिली है। मेरठ, बिजनौर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ में गरज-चमक, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में मौसम
राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार को बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। 18 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है।
बिहार और झारखंड का मौसम
बिहार में अगले कुछ दिनों तक पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। झारखंड में भी 22 मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्रों का मौसम
उत्तराखंड में 20 मार्च तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 19 और 20 मार्च को 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में 21 मार्च तक रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।
पूर्वोत्तर और अन्य क्षेत्र
17 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सुरक्षित रहने और तेज हवाओं, आंधी, ओलावृष्टि और बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.