दिल्ली-एनसीआर में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर: तेज हवा के साथ हुई बारिश

दिल्ली में लंबे समय से चल रही तेज गर्मी के बाद रविवार तड़के मौसम का मिजाज बदल गया। लगातार 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बने दिन के तापमान के बीच तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी ने राजधानीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत दी। यह हल्की बारिश सुबह करीब 10 बजे तक जारी रही। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, रविवार शाम 5:30 बजे तक दिल्ली में 1.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का असर
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी हिमालय में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और मध्य पाकिस्तान तथा पंजाब-हरियाणा के सटे क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम 80 प्रतिशत और न्यूनतम 43 प्रतिशत दर्ज की गई। रिज में अधिकतम पारा 29.4, आया नगर 28.5, लोधी रोड 28.4 और पालम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले दो दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और शाम के समय हल्की बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। सोमवार और मंगलवार को हवाओं की रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
18 मार्च को फिर से मौसम बदलेगा
नई रिपोर्ट के अनुसार, 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ 18 मार्च को दिल्ली और एनसीआर के मौसम को प्रभावित करेगा। इस दिन आकाश आमतौर पर बादलों से ढका रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। हवा की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी, जो कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
19-21 मार्च का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि 19, 20 और 21 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में कोई बारिश नहीं होगी। हालांकि, 19 और 20 मार्च को बादलों की हल्की आवाजाही बनी रहेगी और हवा 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। 21 मार्च को हवा की गति थोड़ी कम रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 19 मार्च को 30-32 डिग्री, 20 मार्च को 28-30 डिग्री और 21 मार्च को 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.