योगी सरकार का बड़ा कदम: योग्य युवाओं को विदेश में नौकरी की गारंटी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार योग्य युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने की पहल कर रही है, जिसमें सरकार की गारंटी भी होगी। उन्होंने हाल ही में किए गए अपने और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के विदेश दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में निवेश आने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
सरकार एक ऐसा तंत्र तैयार कर रही है, जिसके तहत प्रशिक्षित और योग्य युवाओं को विदेशों में काम के अवसर देने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार भी सुनिश्चित किया जाएगा।
विदेश में कमाई का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि कोई युवा यहां 20 हजार रुपये प्रति माह कमाता है, तो वही युवा विदेश में दो लाख से ढाई लाख रुपये तक कमा सकता है। इससे युवा और उनके परिवार के लिए सम्मानजनक जीवन संभव होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना की 1.86 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रीफिल के लिए अनुदान की राशि भी वितरित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए लगातार काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार सालाना नौ सिलेंडर पर सब्सिडी देती है, जबकि राज्य सरकार दीपावली और होली पर अतिरिक्त मुफ्त सिलेंडर देती है। आज इस कार्यक्रम में 1500 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
प्रदेश में निवेश और रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी दौरे पर प्रदेश में निवेश के अवसर तलाशे। आज प्रदेश में देश-विदेश के बड़े निवेशक निवेश करने को इच्छुक हैं, और इससे नौजवानों को रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर रोकथाम वैक्सीन का वितरण शुरू किया। इसके अलावा महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने वाली योजनाएं जैसे मुख्यमंत्री उत्पाद विपणन योजना और महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड भी लागू किए जा रहे हैं।
मानदेय में वृद्धि
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्करों के मानदेय को बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों में संसाधनों का दुरुपयोग होता था, लेकिन वर्तमान सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की 25 करोड़ जनता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
संदेश जनता के लिए
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार अमीर और गरीब के बीच की खाई पाटने का काम कर रही है और जनता को योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार लोग किसी गुमराह करने वाले का भ्रम में नहीं आएं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.