बिहार के वैशाली में एक ट्रक ने यात्रियों को लेकर जा रहे ऑटो में इस तरह टक्कर मारी कि दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। ऑटो पर  सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे। उनकी भी एक-एक कर मौत हो गई। यह सभी 'बुढ़िया मईया' मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे। हाजीपुर-अरेराज स्टेट हाइवे 74 पर सोमवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे यह हादसा हुआ। वैशाली थाना क्षेत्र के कोल्ड स्टोर के पास हुई घटना के बाद अब परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ रहा है। 

ट्रक चालक की तलाश में चल रही छापेमारी
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वैशाली थानेदार प्रवीण कुमार ने कहा कि तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी चल रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां से दो महिला को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। मरने वालों की पहचान ललिता देवी, संगीता देवी, सविता देवी, रेखा देवी और कौशल्या देवी के रूप में हुई।