नालंदा में शनिवार की सुबह एकंगरसराय-बिहार शरीफ मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में एक मासूम की मौत हो गई। मामला एकंगरसराय थानाक्षेत्र के सुंडी बीघा गांव का है। मृतक की पहचान पटना जिले के जानीपुर निवासी अखिलेश कुमार के बेटे पवन कुमार (4) के रूप में की गई है। वह अपनी मां के साथ ननिहाल सुंडी बीघा गांव आया हुआ था।

मृतक के परिजन ने बताया कि पवन कुमार अपने ननिहाल स्थित घर के पास सड़क के नजदीक खेल रहा था। इसी बीच बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एकंगरसराय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

मौत की पुष्टि के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे। फिर मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों छोर पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बच्चा अपने माता-पिता के साथ तीज पर्व के मौके पर ननिहाल आया था।

वहीं, इस मामले में एकंगरसराय थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि अमित उर्फ लाला की तान्या वर्कशॉप है। वह रिपेयरिंग की गाड़ी का टेस्ट ड्राइव कर रहा था। इसी बीच बच्चा सड़क पार कर रहा था, जिसे टक्कर मार दी गई। इस हादसे में मासूम की मौत हो गई। परिजनों द्वारा सड़क को जाम कर दिया गया था। उन्हें समझा-बुझा कर  जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।