कोरबा जिले में 14 मई 2026 तक एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर स्थिति जारी की गई है। जिले में फिलहाल एलपीजी आपूर्ति और ईंधन स्टॉक की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार जिले में कुल 28 एलपीजी वितरक कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से 3,14,891 उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं। वर्तमान में 5,876 एलपीजी सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं, जबकि 8,142 बुकिंग अभी लंबित हैं। मौजूदा खपत के अनुसार जिले में लगभग दो दिन का ही गैस स्टॉक शेष है।
तेल कंपनियों के स्तर पर उपलब्ध स्टॉक की बात करें तो इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पास 1.2 दिन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के पास 3.2 दिन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के पास 2.3 दिन का एलपीजी भंडार बताया गया है।
जिले में कुल 104 पेट्रोल पंप (रिटेल आउटलेट) संचालित हैं। पेट्रोल की कुल भंडारण क्षमता 2,085 किलोलीटर और डीजल की 3,537 किलोलीटर है। वर्तमान में 913 किलोलीटर पेट्रोल और 1,057 किलोलीटर डीजल उपलब्ध है। मई 2026 के दौरान औसत दैनिक खपत पेट्रोल की 186 किलोलीटर और डीजल की 523 किलोलीटर दर्ज की गई है। जिले में दो पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से ड्राय बताए गए हैं, जिनमें इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम का एक-एक आउटलेट शामिल है।
रिपोर्ट के अनुसार कुछ इंडियन ऑयल आउटलेट्स पर आपूर्ति में देरी, अधिक मांग और लाइसेंस अपडेट जैसी वजहों से बाधा आई है। वहीं भारत पेट्रोलियम के एक आउटलेट में वित्तीय कारणों से समस्या बताई गई है, जबकि हिंदुस्तान पेट्रोलियम के रिटेल आउटलेट्स में आपूर्ति सामान्य है।
गर्मी के मौसम में बढ़ती खपत और सीमित एलपीजी स्टॉक को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों को समय पर इंडेंट लगाने और लंबित बुकिंग शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से घबराहट में बुकिंग न करने की अपील की गई है।
पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति फिलहाल सामान्य बताई गई है, हालांकि कुछ स्थानों पर अस्थायी कमी की स्थिति बनी हुई है। देर रात कीमतों में बदलाव के बाद पेट्रोल 103.25 रुपये और डीजल 96.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और स्थिति पर नियमित निगरानी बनाए रखने की बात कही है। तेल विपणन कंपनियों से समन्वय कर जल्द आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।