शहर के पॉश सेक्टर-9 इलाके में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई जब बिजली निगम में कार्यरत क्लर्क और कर्मचारी यूनियन की प्रधान डिंपल अरोड़ा (40) की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी हेलमेट पहने हुए था और पूरी योजना के साथ इलाके में पहले से रेकी कर रहा था। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, डिंपल अरोड़ा दोपहर करीब एक बजे ड्यूटी से लंच के लिए अपने घर लौटी थीं। वह स्कूटी से घर पहुंचकर उसे लॉक कर ही रही थीं, तभी एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा। आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था और पिस्टल को कपड़े से ढककर रखा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, आरोपी सीधे उनके पास पहुंचा और बेहद करीब से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही डिंपल मौके पर ही गिर गईं और हमलावर तुरंत बाइक से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग पहले स्थिति को समझ नहीं पाए, लेकिन सिर से खून निकलता देख उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें पूरी वारदात का क्रम सामने आया। फुटेज में आरोपी को दोपहर करीब 12:15 बजे से क्षेत्र में घूमते और लगातार रेकी करते हुए देखा गया है। लगभग एक घंटे बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि दोपहर 1:11 बजे डिंपल स्कूटी से घर पहुंचती हैं। कुछ दूरी पर आरोपी बाइक लेकर खड़ा रहता है और जैसे ही वह स्कूटी लॉक करने लगती हैं, वह तेजी से पास आकर पीछे से सिर में गोली मार देता है। इसके बाद वह तुरंत मौके से भाग निकलता है।
डिंपल अरोड़ा बिजली निगम में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं और कर्मचारी यूनियन की प्रधान होने के कारण संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। उनकी हत्या के बाद बिजली निगम के कर्मचारियों और यूनियन सदस्यों में गहरा आक्रोश है। बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पेशेवर विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान में जुटी हुई है। अधिकारियों ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।