नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में रविवार सुबह एक बड़े हादसे में आग लग गई, जिसमें लगभग 50 दुकानें पूरी तरह जल गईं।
जानकारी के अनुसार, नेचर मार्केट में अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक परिधान, क्रॉकरी और कारपेट जैसी दुकानें हैं। आग लगने की सूचना रविवार सुबह 7:37 बजे फायर ब्रिगेड को मिली। दिल्ली फायर सर्विसेज ने मौके पर तुरंत नौ फायर टेंडर भेजे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग और धुएं के कारण दुकानों और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। आग की तेजी के कारण मार्केट में चारों तरफ धुएं का गुब्बार फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और भीड़ को संभाला।
दुकानदारों ने दिल्ली सरकार से मुआवजे की मांग की
घटना के समय मार्केट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टली। मार्केट में 6 मार्च से 'दस्तकार' नामक आयोजन चल रहा था, जिसके लिए दुकानदारों ने पहले से तैयारी की थी। अब उनकी सारी मेहनत जलकर खाक हो गई। दुकानदार दिल्ली सरकार से इस नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं।