नई दिल्ली: भारत मंडपम मंगलवार से खाद्य और आतिथ्य उद्योग के लिए एक वैश्विक केंद्र बन जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अंतरराष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य व्यापार मेले 'आहार 2026' के 40वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेला केवल खाद्य उत्पादों तक सीमित नहीं है। इसमें पैकेजिंग तकनीक, कोल्ड चेन, और आतिथ्य क्षेत्र के आधुनिक उपकरणों का भी प्रदर्शन होगा। इसके अलावा 'कुलिनरी आर्ट इंडिया 2026' जैसी प्रतियोगिताएं भी मुख्य आकर्षण रहेंगी। मेला मुख्य रूप से व्यापारी दर्शकों के लिए है, लेकिन 500 रुपये की टिकट लेकर कोई भी इसमें प्रवेश कर सकता है।
17 देश और 1,800 से अधिक प्रदर्शक
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय मेला 10 से 14 मार्च तक चलेगा। इसमें 17 देशों के 155 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी और कुल मिलाकर 1,800 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इस वर्ष इटली पहली बार “पार्टनर कंट्री” के रूप में शामिल हो रहा है। मेला 1,15,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और आयोजन के दौरान लगभग 1 लाख से अधिक व्यापारी दर्शकों के आने की उम्मीद है।
खाद्य प्रसंस्करण और तकनीक का संगम
आईटीपीओ के अध्यक्ष जाबेद अशरफ ने बताया कि भारत का खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है। आहार 2026 एक ऐसा मंच है जो भारतीय किसानों और एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ता है। इस मेले में ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा और थाईलैंड जैसे देशों के पवेलियन होंगे, वहीं जर्मनी, जापान और फ्रांस भी व्यक्तिगत रूप से हिस्सा ले रहे हैं।
'आहार 2026' मोबाइल एप लॉन्च
प्रदर्शकों और आगंतुकों के अनुभव को आसान बनाने के लिए इस बार आईटीपीओ ने आधिकारिक मोबाइल एप लॉन्च किया है। इसके जरिए आगंतुक स्टाल्स और कार्यक्रमों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
आवश्यक जानकारी
-
मेला अवधि: 10–14 मार्च, 2026
-
स्थान: भारत मंडपम, नई दिल्ली
-
समय: सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक
-
प्रवेश द्वार: गेट 3, 4 (भैरों रोड) और गेट 6, 10 (मथुरा रोड)