नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के मजलिस पार्क और भलस्वा स्टेशनों से सिग्नलिंग केबल चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। चोरी के कारण मेट्रो का सिग्नलिंग सिस्टम प्रभावित हुआ और सेवाओं में व्यवधान आया। आरोपी के पास से लगभग 170–180 मीटर जली हुई केबल बरामद की गई है, जबकि अनुमानित कुल चोरी 1000 मीटर के आसपास है।

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च की सुबह करीब 4:20 बजे डीएमआरसी के ओसीसी/एमबी सिग्नल कंट्रोलर एमआरएस मजलिस पार्क ने सिग्नलिंग केबल चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त टीम मौके पर पहुंची और पास के जंगल में कुछ लोगों को तांबे के तार पिघलाते हुए देखा। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शेख शफीक नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी जहांगीरपुरी, दिल्ली का निवासी है। इस संबंध में आजादपुर मेट्रो पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता और डीएमआरसी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता जसबीर सिंह, एएसई/सिग/एल-8 एक्सटेंशन, एमआरएस मजलिस पार्क ने बताया कि निरीक्षण में लगभग 1000 मीटर सिग्नलिंग केबल गायब पाई गई। पुलिस बाकी संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जांच जारी है। साथ ही मेट्रो पुलिस और डीएमआरसी की टीम ने संवेदनशील स्थानों का संयुक्त सर्वेक्षण भी किया है।

नई मेट्रो लाइन का हालिया उद्घाटन
चोरी उस मेट्रो लाइन पर हुई है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किया था। इस नई लाइन के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कुल 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास शामिल था।