नई दिल्ली: इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के मामले में कोर्ट ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अनुमति से कुबेर मीणा की पांच दिन की कस्टडी मंजूर की, जबकि भूदेव शर्मा की कस्टडी को दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया। दोनों नेताओं को आधी रात को जज के सामने पेश किया गया।

उधर, इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को कोर्ट ने जमानत दे दी है। पुलिस ने इस मामले में कुल 14 IYC सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार होने के बाद इंडियन यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता क्राइम ब्रांच ऑफिस के बाहर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

कैसे हुआ प्रदर्शन
भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन स्थल पर अफरातफरी मच गई। यह प्रदर्शन उस समय हुआ जब कार्यक्रम में विदेशी प्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने अपने कपड़े उतारकर “पीएम इज कंप्रोमाइज” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शनकारी दोपहर लगभग 12:30 बजे क्यूआर कोड से समिट में प्रवेश किए और हॉल नंबर-5 के लॉबी एरिया में पहुंचे। उन्होंने स्वेटर और जैकेट उतारकर टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें प्रदर्शित की, जिन पर “इंडिया-यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड” जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की।

सुरक्षा व्यवस्था को दिक्कत
अचानक शुरू हुए प्रदर्शन से आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों और अधिकारियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल इवेंट में मौजूद सरकारी अधिकारियों, इंडस्ट्री नेताओं और विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया गया और कार्यक्रम स्थल से दूर ले जाया गया।