पटना। 26 स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने के बाद बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान द्वारा लगाए गए आरोपों पर RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कड़ा पलटवार किया है।

तेज प्रताप यादव ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जिस आवास को लेकर विवाद खड़ा किया गया, वहां मौजूद सभी सामान उनका खुद का खरीदा हुआ था, और उन्हें विधायक होने के नाते वहां कोई सरकारी सुविधा नहीं मिली थी।

स्वयं का खर्च, सरकारी कुछ नहीं

उन्होंने बताया कि एसी, पंखा, बेड सहित सभी सुविधाएं अपने पैसे से लगवाई थीं। यदि ये सभी चीजें विभाग से दी गई होतीं, तो जेई ने आवश्यक कागजात क्यों नहीं दिखाए। तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि नए मंत्री शायद “स्वर्ग की उम्मीद” कर रहे हैं। कुर्सी मिली है तो उसका सम्मान करें और संयम रखें।

आवास पहले नर्क जैसी हालत में था

तेज प्रताप ने कहा कि जिस आवास को लेकर सवाल उठाए गए, वह पहले बेहद खराब स्थिति में था और उन्होंने उसे रहने लायक बनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटे-मोटे आरोपों से उनका काम नहीं रुकता। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में लखेंद्र पासवान को आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए।

कानून-व्यवस्था पर भी निशाना

तेज प्रताप ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मंत्री को बल्ब और पंखे की चिंता नहीं, बल्कि अपराध और सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने गृह मंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है।

तेज प्रताप ने कहा कि दूसरे राज्यों में तुरंत कार्रवाई होती है, जबकि बिहार में मामलों को टालमटोल किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से खुलकर मांग की कि किसी भी थाने में शिकायत मिलने पर तुरंत एफआईआर दर्ज हो।

पाकिस्तान के T20 विश्व कप भारत से खेलने से इनकार पर टिप्पणी

तेज प्रताप ने कहा कि पाकिस्तान भारत से हारने के डर से पीछे हट गया है। उन्होंने दावा किया कि भारत हर मुकाबले में खेलेगा और जीतेगा।