नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने विकास कार्यों के लिए खर्च में बढ़ोतरी की है, जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।
सीएम गुप्ता ने बजट को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि दिल्ली को इस बार 1,348 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इस राशि का उपयोग शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, जल आपूर्ति और अन्य जरूरी बुनियादी सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश का कुल पूंजीगत खर्च पिछले वर्ष के 11.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे सड़कों, परियोजनाओं और रोजगार के अवसरों में इजाफा होगा। इसका सीधा लाभ दिल्ली जैसे महानगरों को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करती है। इस वर्ष इसके लिए 12,503 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें पुलिसकर्मियों का वेतन, थाने, वाहन, तकनीक और सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों को यह खर्च खुद उठाना पड़ता है, जबकि दिल्ली को इस राहत के कारण अपने बजट का अधिक हिस्सा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, पानी और गरीबों की योजनाओं पर खर्च करने का अवसर मिलता है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग को भी अहम बताया।
रेखा गुप्ता ने बजट को सभी वर्गों के लिए भरोसा देने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों के लिए सहारा, युवाओं के लिए अवसर और महिलाओं के लिए सम्मान और सशक्तिकरण लेकर आया है। उन्होंने वित्त मंत्री द्वारा बताए गए तीन प्रमुख कर्तव्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने और भारत की प्रगति को नई दिशा देने वाला है।