नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी और सास को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 18 मई की शाम करीब 4:49 से 4:50 के बीच महेंद्र पार्क थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति दीपांश चौधरी गंभीर रूप से झुलसी हालत में पाया गया।
पुलिस ने तुरंत उसे बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति-पत्नी के बीच विवाद की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस संबंध में पहले भी CAW सेल में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद मृतक ने कथित तौर पर आत्महत्या की धमकी दी और पत्नी के घर के बाहर जाकर खुद को आग लगा ली।
पत्नी और सास हिरासत में
मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।