मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालात यह हैं कि किसान अब रात के समय अपने खेतों और ट्यूबवेल की सुरक्षा के लिए खुद ही पहरा देने को मजबूर हैं।

ताजा मामला रोनी हाजीपुर गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने किसान धूली सिंह की ट्यूबवेल को निशाना बनाया। देर रात हुई इस वारदात में चोर स्टार्टर, मोटर, बिजली के तार और अन्य जरूरी उपकरण चुरा ले गए।

सुबह खुलासा होने पर ग्रामीणों में आक्रोश

सुबह जब किसान खेत पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। इसके बाद गांव में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ट्यूबवेल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और रोकथाम के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।


किसानों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद न तो रात में प्रभावी पेट्रोलिंग हो रही है और न ही अब तक किसी संगठित गिरोह का खुलासा किया जा सका है।

किसान संगठन ने जताई नाराजगी

भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चरथावल क्षेत्र में किसानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी रोनी हरजीपुर, अलीपुरा क्यामपुर और दूधली गांवों में इसी तरह की वारदातें हो चुकी हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सक्रिय गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की।

पुलिस ने दी कार्रवाई की जानकारी

चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम जल्द ही घटना का खुलासा करेगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।