मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के पीनना बाईपास पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खेत की खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे—नाजिम (निवासी जलालाबाद, थाना थानाभवन, शामली), उनकी भाभी रजिया और एक अन्य महिला रज्जो।

कार से निकालते ही लगी आग
ग्रामीणों द्वारा सभी को बाहर निकालने के कुछ ही क्षण बाद कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही मिनटों में स्विफ्ट कार जलकर खाक हो गई।
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
दो की मौत, एक गंभीर घायल
इस दर्दनाक हादसे में कार चालक नाजिम और उनकी भाभी रजिया (36) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नाजिम की मौसी नाजों (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग शामली से मेरठ की ओर जा रहे थे जब यह हादसा हुआ। घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।