नई दिल्ली। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। कोर्ट का फैसला सुनते ही केजरीवाल भावुक हो गए और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि सच की हमेशा जीत होती है।
केजरीवाल का बयान
फैसले के बाद मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा,
"मैं भ्रष्ट नहीं हूं। अदालत ने साफ कहा है कि मैं और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। आज कोर्ट ने इस केस में सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। हमें इंडियन लीगल सिस्टम पर पूरा भरोसा है। सच की हमेशा जीत होती है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक हस्तियों ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची थी और पार्टी के नेताओं को जेल में डाला गया।
मनीष सिसोदिया का संदेश
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा,
"आज एक बार फिर देश के संविधान पर गर्व महसूस हो रहा है। सत्य की जीत हुई है।"
सुनीता केजरीवाल की प्रतिक्रिया
केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,
"इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है।"
शराब नीति मामले की पृष्ठभूमि
कोरोना काल के दौरान दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली आबकारी नीति 2021-22’ लागू की थी। इसके कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने पर उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। बाद में इस नीति को अनियमितताओं के आरोपों के चलते रद्द कर दिया गया।
सीबीआई ने अगस्त 2022 में 15 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें नई शराब नीति में कथित प्रक्रियागत गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन के आरोप शामिल थे। इसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू कर दी थी।