नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इंडिया एआई समिट में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरते भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

'देश के साथ बगावत'

सुधांशु त्रिवेदी ने वीडियो संदेश में कहा कि जहां एआई शिखर सम्मेलन में भारत की तकनीकी प्रतिभा और नवाचार की पूरी दुनिया ने सराहना की, वहीं कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन “निंदनीय और शर्मनाक” था। उनका कहना था कि यह सिर्फ नकारात्मक राजनीति नहीं, बल्कि देश के प्रति असम्मान के बराबर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के कृत्यों के लिए कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस प्रकार की अशोभनीय राजनीति नहीं देखी गई। लेकिन कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ते हुए एक ऐसे स्तर तक पहुंचने की कोशिश की है जहां राष्ट्र और राजनीति के बीच का अंतर समाप्त हो गया।

यूथ कांग्रेस पर निशाना

सुधांशु त्रिवेदी ने यूथ कांग्रेस को 'लश्कर-ए-राहुल' बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग अब भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा, "पहले राहुल गांधी विदेशों में भारत के खिलाफ अपमानजनक बयान देते थे, अब इनके सिपाही भारत की धरती पर ही विदेशी मेहमानों के सामने देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।"

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियां

त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एआई जैसी आधुनिक तकनीक में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। भारत की इस प्रगति को देखकर विपक्ष असहज है और यही कारण है कि युवा कांग्रेस के कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय मंच पर नकारात्मकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने अंत में जोर देकर कहा कि देश की जनता इस प्रकार के राष्ट्र विरोधी कृत्यों को कभी स्वीकार नहीं करेगी और भारत की छवि को बदनाम करने का यह प्रयास निंदनीय है।