इस बार मानसून दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र पर कुछ अधिक ही मेहरबान नजर आ रहा है। बुधवार सुबह जहां तेज धूप ने उमस भरी गर्मी का एहसास कराया, वहीं दोपहर होते-होते मौसम ने करवट ली और बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया। दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के दौरान लोग सड़कों पर मौसम का आनंद लेते दिखे।

अलग-अलग इलाकों में दर्ज हुई बारिश की मात्रा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बुधवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग वेधशाला में 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लोधी रोड पर 17.8 मिमी, राजघाट में 7.5 मिमी, आया नगर में 1.1 मिमी, पालम में 0.8 मिमी और रिज क्षेत्र में 0.2 मिमी बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम यानी 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.8 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर न्यूनतम 72 प्रतिशत तक रहा।

गुरुवार को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि गुरुवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा। अनुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

सफदरजंग सबसे गर्म स्थान रहा

बुधवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जो दिल्ली के अन्य इलाकों की तुलना में सबसे अधिक था। वहीं, लोधी रोड में 33.2, रिज में 33.4, पालम में 32.6, राजघाट में 33.1 और आया नगर में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो पालम सबसे ठंडा रहा, जहां 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा लोधी रोड में 25, रिज में 26.1, सफदरजंग में 26.4, राजघाट और आया नगर में 26.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

हफ्ते भर बादलों की मौजूदगी और बूंदाबांदी की संभावना

विभाग ने बताया कि 22 जुलाई तक राजधानी में बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।