नई दिल्ली। होली के त्यौहार को देखते हुए राजधानी से अपने गृह राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ शनिवार शाम आनंद विहार बस स्टैंड पर दिखाई दी। लोग अपने परिवार और साथियों के साथ बसों में बैठने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे।
टिकट काउंटर पर लोगों की लाइनें लंबी हो गई थीं, लेकिन अधिकांश यात्री धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। स्टैंड पर सरकारी और निजी बसें दोनों ही खुले तौर पर यात्रियों को चढ़ा रही थीं।
बस स्टैंड के बाहर बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर दी, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और ट्रैफिक जाम और लंबा हो गया।
रेलवे स्टेशन पर भी स्थिति लगभग समान रही। लोग कई महीनों पहले से अपने टिकट बुक करा चुके थे, जबकि तत्काल टिकट के लिए यात्रियों ने पूछताछ काउंटर पर जानकारी ली।