नई दिल्ली: दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के मालिक लूथरा बंधुओं को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने इस मामले में पुलिस से अग्रिम जमानत याचिका पर जवाब मांगा है।

लूथरा भाइयों ने अपने वकीलों के जरिए अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी, जिस पर सेशंस कोर्ट में मंगलवार को दोपहर दो बजे सुनवाई हुई। उनके वकील ने इस सुनवाई की पुष्टि की।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के हवाले से रिपोर्ट्स में बताया गया कि अरपोरा नाइटक्लब की झोपड़ी को प्रशासन बुलडोजर से गिराएगा, जहां पिछले सप्ताह हुई भयानक आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने कहा कि वागाटोर में स्थित ‘रोमियो लेन’ नाइटक्लब को इसलिए गिराया जाएगा क्योंकि यह कथित तौर पर सरकारी जमीन पर बना था और पहले ही इसे सील किया जा चुका है।

लूथरा बंधु विदेश भागे
सीबीआई ने 7 दिसंबर को लूथरा बंधुओं के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसके बाद इंटरपोल ने थाईलैंड की सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क कर दोनों भाइयों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए। इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू नोटिस भी जारी किया है, जिसका अर्थ है कि आरोपितों की पहचान, लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, नाइटक्लब की आगजनी के तुरंत बाद लूथरा बंधु मुंबई से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट लेकर फुकेट, थाईलैंड भाग गए थे।

गोवा पुलिस ने सोमवार सुबह पंजाबी बस्ती, सब्जी मंडी से क्लब मैनेजर भरत कोहली को गिरफ्तार किया। बताया गया कि भरत लूथरा बंधुओं की कार चलाता था और कुछ क्लब लाइसेंस भी उसके नाम पर थे। इस कारण लूथरा बंधुओं ने बिर्च बाय रोमियो लेन के संचालन की जिम्मेदारी भरत कोहली को सौंप रखी थी।