दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने प्रतिबंधित संगठन सिमी के एक वांछित सदस्य को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम अब्दुल्ला दानिश (58) है, जो 19 साल से फरार चल रहा था. पुलिस का दावा है कि अब्दुल्ला दानिश सितंबर 2001 को जामिया नगर से उस समय फरार हुआ था, जब सिमी की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस संगठन पर प्रतिबंध लगाए जाने के ऊपर थी, जैसे ही पुलिस वहां पर प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों को गिरफ्तार करने पहुंची तो अब्दुल्ला दानिश वहां से अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया था.
अब्दुल्ला दानिश के खिलाफ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में देशद्रोह का मामला दर्ज है, जिसके चलते वर्ष 2002 में उसे अदालत ने भगोड़ा भी घोषित किया था. दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि हाल फिलहाल में दिल्ली - एनसीआर में हुए एनआरसी और सीएए के विरोध प्रदर्शन में लोगों की भीड़ एकत्र करने में अब्दुल्ला दानिश भी सक्रिय था, जिसने युवाओं को भड़काया था.
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि एसीपी अतर सिंह की देखरेख में इंसपेक्टर शिव कुमार और कर्मवीर की टीम लगभग 1 साल से अब्दुल्ला की तलाश में थी. पुलिस का दावा है कि दानिश मुस्लिम युवाओं को बरगला कर भड़काने का काम कर रहा था. वह बार बार मुस्लिम युवाओं को बहकाता था कि सरकार उनके धर्म के खिलाफ काम कर रही है और यही कह कह कर उसने बड़ी संख्या में मुस्लिम युवाओं को एनआरसी और सीएए के खिलाफ भड़काया और उन्हें आंदोलन में शामिल होने के लिए कहा.