चंडीगढ़। कांग्रेस ने 11 साल बाद हरियाणा में 32 जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। इस बार की नियुक्तियों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट का दबदबा दिखा, जिन्हें 22 जिलाध्यक्ष मिले हैं। वहीं, सात जिला अध्यक्ष सांसद कुमारी सैलजा के, एक रणदीप सुरजेवाला के और दो कैप्टन अजय यादव के समर्थक बताए जा रहे हैं। हरियाणा कांग्रेस में कुल 33 जिले हैं, जिनमें से पानीपत शहरी का अध्यक्ष अभी चुना जाना बाकी है।
राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के पत्र के अनुसार, अंबाला कैंट में परविंदर परी, अंबाला सिटी में पवन अग्रवाल, अंबाला ग्रामीण में दुष्यंत चौहान, भिवानी ग्रामीण में अनिरुद्ध चौधरी, भिवानी शहर में प्रदीप गुलिया, चरखी दादरी में सुशील धानक, फरीदाबाद में बलजीत कौशिक, फतेहाबाद में अरविंद शर्मा सहित कई अन्य नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
महिला और अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व
सूची में सिरसा से संतोष बेनीवाल एकमात्र महिला जिला अध्यक्ष हैं, जबकि मेवात से शाहिदा खान को अल्पसंख्यक प्रतिनिधि के रूप में जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विधानसभा चुनाव हारने वाले चार नेताओं को भी मिली कमान
साल 2024 के विधानसभा चुनाव में हारने वाले चार नेताओं को भी जिला अध्यक्ष बनाया गया है। इनमें अंबाला कैंट से परविंदर परी, भिवानी ग्रामीण से अनिरुद्ध चौधरी, गुरुग्राम ग्रामीण से वर्धन यादव और कुरुक्षेत्र से मेवा सिंह शामिल हैं।
सामाजिक समावेशन का भी रखा गया ध्यान
जिलाध्यक्षों की सूची में सामाजिक विविधता का भी ध्यान रखा गया है। इसमें दस ओबीसी, पांच एससी, छह जाट, तीन वैश्य, दो ब्राह्मण, दो राजपूत, दो पंजाबी, एक मुस्लिम और एक सिख नेता शामिल हैं।