कुरुक्षेत्र/अंबाला। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान हरियाणा के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री और अंबाला कैंट विधायक अनिल विज उस समय असहज हो गए जब केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का काफिला उन्हें पीछे छोड़कर आगे बढ़ गया।
सोमवार सुबह राजनाथ सिंह अंबाला से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए, जहां अनिल विज ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। ब्रह्म सरोवर पर तीर्थ पूजन और हवन समारोह में दोनों नेता साथ रहे और सभी फोटोग्राफ्स में नजर आए।
लेकिन ब्रह्म सरोवर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब काफिला कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार की ओर बढ़ा, तो अनिल विज को काफिले में कोई वाहन नहीं मिला। सड़क किनारे खड़े रहकर वे हाथ हिलाते रहे, लेकिन कोई गाड़ी रुकने को तैयार नहीं थी।
काफी देर इंतजार करने के बाद कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने उन्हें देख लिया और अपनी गाड़ी में बैठाकर विश्वविद्यालय तक पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।