कैराना (शामली)। कैराना में चर्चित मुगल गार्डन मामले में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुगल गार्डन और उससे जुड़े बैंक्वेट हॉल व अन्य निर्माण को अवैध बताते हुए सीलिंग की कार्रवाई की। परिसर के बाहर नोटिस चस्पा कर स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में वैध नक्शा और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो आगे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रेता वाला स्थित मुगल गार्डन में हाल ही में आयोजित वलीमे के कार्यक्रम के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां परोसे जा रहे भोजन को लेकर जांच की थी। इसके बाद दूल्हा, उसके परिजनों और गार्डन संचालक की गिरफ्तारी भी की गई थी, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया।

मंगलवार को दोपहर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर सील कर दिया। अधिकारियों ने भवन की दीवारों पर सार्वजनिक नोटिस भी चस्पा कराया, जिसमें निर्माण को नियमों के विरुद्ध बताया गया है।

प्राधिकरण के अनुसार, करीब 15 दिन पहले क्षेत्र के कई मैरिज होम और बैंक्वेट हॉल संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें मुगल गार्डन भी शामिल था। लेकिन तय समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया।

अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार मुगल गार्डन का स्वीकृत नक्शा नहीं पाया गया, जिसके चलते इसे अवैध निर्माण मानते हुए कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि समय पर वैध दस्तावेज नहीं दिखाए गए तो आगे बुलडोजर कार्रवाई भी की जा सकती है।