रोहतक। हरियाणा की स्टार क्रिकेटर शेफाली वर्मा, जिन्होंने महिला वनडे विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी, अब राज्य सरकार की ओर से सम्मानित होंगी। खेल विभाग ने शेफाली के लिए 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि को मंजूरी दे दी है। जल्द ही यह राशि उनके खाते में जारी की जाएगी।
खेल मंत्री बोले—हरियाणा की बेटियां कर रहीं देश का नाम रोशन
राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि शेफाली वर्मा हरियाणा की गौरवशाली खेल परंपरा का चमकता सितारा हैं। उन्होंने कहा, “शेफाली ने साबित किया है कि हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं। वे न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।”
गौतम ने कहा कि शिक्षा, खेल, रक्षा और प्रशासन—हर क्षेत्र में हरियाणा की बेटियां देश का नाम ऊंचा कर रही हैं। शेफाली की उपलब्धि ने राज्य के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।
महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
इधर, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी शेफाली वर्मा को 2026 के लिए आयोग की ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने की घोषणा की है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि शेफाली युवाओं के लिए एक सच्ची प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि शेफाली समाज में जागरूकता फैलाने के अभियान से जुड़ें। आज युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है, ऐसे में शेफाली जैसी शख्सियत ही उन्हें सही दिशा दिखा सकती हैं।”
खेल और समाज दोनों ही मोर्चों पर नई पहचान बना रहीं शेफाली वर्मा अब हरियाणा की बेटियों के सशक्तिकरण की प्रतीक बन चुकी हैं।