मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश दर्ज की गई है। इससे जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। भारी बारिश से प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार शाम तक प्रदेश भर में 59 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। भूस्खलन के चलते कालका-शिमला फोरलेन भी कुछ देर के लिए बंद रहा। जबकि, धर्मपुर-गढ़खल-कसौली यातायात के लिए सड़क बंद है। अब सुखी जोहड़ी से कसौली के लिए वाहनों की आवाजाही होगी। परवाणू से तीन किलोमीटर के बाद दत्यार के समीप पहाड़ी से काफी मात्रा में मलबा आ गया। वाहनों को दूसरी लेन में डायवर्ट करना पड़ा।  चक्की मोड में भी पहाड़ी से मलबा गिर रहा है।

शिमला में भी जगह-जगह भूस्खलन
उधर, शिमला में भी जगह-जगह भूस्खलन की सूचना है। शहर के टुटू में भूस्खलन से मकानों को खतरा पैदा हो गया है। वहीं, मज्याठ में भारी बारिश से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। शिमला के बीसीएस में तारा माता मंदिर के पास मुख्य सड़क पर भूस्खलन हुआ है। भारी बारिश से शिमला में पेयजल योजनाओं में बड़ी मात्रा में गाद आई है। गिरि परियोजना में मानसून सीजन के दौरान गाद रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। इससे शहर में पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। 

अंतिम संस्कार के लिए गए 100 लोग पानी के तेज बहाव में फंसे
वहीं, ऊना जिले के चढ़तगढ़ में अंतिम संस्कार के लिए गए करीब 100 लोग पानी के तेज बहाव के बीच फंस गए। भारी बारिश से अचानक जल स्तर बढ़ गया। इससे अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर मौजूद परिजन व अन्य लोग पानी के तेज बहाव में फंस गए।

घरों में घुसा मलबा, परिवार से भागकर बचाई जान
जिला चंबा के भटियात की गाहर पंचायत के जुलाकड़ी गांव में बुधवार देर रात को तेज बारिश के चलते कई घरों में पानी और मलबा घुस गया। घर में सो रहे परिवार को अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से भागना पड़ा। वहीं, भरमौर-पठानकोट हाईवे केरू पहाड़ के पास गुरुवार भूस्खलन से बंद हो गया। दोपहर 12:00 बजे मार्ग वाहनों के लिए बहाल हुआ।

गोशालाएं व दुकान क्षतिग्रस्त
भूस्खलन के चलते गुरुवार को संगड़ाह क्षेत्र की पांच और शिलाई क्षेत्र की चार सड़कें बंद हुईं, जिन्हें शाम 5:30 बजे आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इसके अलावा रेणुकाजी क्षेत्र में भारी बारिश से दो गोशालाएं गिरने से दो लाख और ददाहू में एक दुकान क्षतिग्रस्त होने से 50,000 हजार का नुकसान हुआ। जिले के अन्य मार्गों पर भी पत्थर व मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई।

लगातार 10 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
मौमस विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से लगातार 10 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। किन्नौर व लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार रात को नाहन में 71.4, पच्छाद 47.2 ऊना 52.4, नंगल 20.4, बिलासपुर के काहू में 37.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.5, सुंदरनगर 19.3, भुंतर 17.8, कल्पा 12.2, धर्मशाला 19.2, ऊना 21.5, नाहन 21.6, केलांग 9.6, पालमपुर 18.5, सोलन 18.5, मनाली 14.3, कांगड़ा 20.4, मंडी 19.3, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 21.3, चंबा 19.8, डलहौजी 10.6, जुब्बड़हट्टी 18.9, कुफरी 14.2, कुकुमसेरी 11.2, नारकंडा 12.2, भरमौर 10.0, रिकांगपिओ 14.7, सेऊबाग 16.8, धौलाकुआं 24.9, बरठीं 21.7, मशोबरा 16.1, सराहन 16.5 और देहरागोपीपुर में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 32.6, शिमला 22.6, डलहौजी 21.5, चंबा 27.7, केलांग 17.1, धर्मशाला 26.0, कांगड़ा 30.4, हमीरपुर 31.9, सुंदरनगर 31.5, बरठीं 31.8, बिलासपुर 29.5, कल्पा 21.6, रिकांगपिओ 28.0, भुंतर 33.4 और जुब्बड़हट्टी 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।