सतवारी पुलिस स्टेशन में रिटायर एईई और उनके बेटे को हवालात में बंद कर दिया गया है। मामला शादी का है। बरात के एक दिन पहले इन लोगों ने शादी से मना कर दिया था। लड़की के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस पूरे प्रकरण से पुलिस भी हैरान है। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार ने बताया कि बरात से दो दिन पहले सब शगुन में व्यस्त थे।

हंसी-खुशी सब नाच गा रहे थे। 16 जनवरी की रात को काकटेल पार्टी में भी जमकर धमाल मचाई। ठीक अगले दिन दूल्हे के परिवार ने बरात लाने से इंकार कर दिया। जानकारी के अनुसार तालाब तिल्लो निवासी जलशक्ति विभाग से सेवानिवृत्त एईई अशोक सिंह के बेटे आदित्य वजीर की सतवारी में शादी होनी थी। 16 जनवरी को दिन में शगुन और 18 जनवरी को बरात थी।

शुगन ठीक से हो गया, लेकिन अगले ही दिन यानी 17 जनवरी को लड़के परिवार ने लड़की के परिवार से कहा कि वे शादी नहीं करना चाहते। इसमें कारण बताया कि दूल्हा ही शादी नहीं करना चाहता। देर शाम को लड़की का भाई अभिषेक एसपी साउथ के कार्यालय पहुंच गया। युवक के साथ युवा राजपूत सभा के लोग भी थे।

एसपी को लड़की के भाई ने बताया कि बरात के एक दिन पहले दूल्हे के परिवार से फोन आता है कि वे बरात लेकर नहीं आएंगे। क्योंकि, लड़का शादी नहीं करना चाहता। जबकि, जुलाई महीने में रिश्ता हुआ था और इसके बाद से ही लगातार दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था। शगुन के दिन भी जितना हो सकता था उतना दहेज भेजा। लेकिन, बरात के एक दिन पहले मना कर दिया |