जम्मू से रवाना हुआ श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का पहला जत्था गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल आधार शिविर पहुंच गया। श्रद्धालुओं के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र "बम-बम भोले" और "हर-हर महादेव" के जयघोषों से गूंज उठा। बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला और शिवभक्ति का रंग पूरे शिविर में नजर आया।

बालटाल बेस कैंप में जम्मू-कश्मीर सरकार और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं का विशेष स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा, गांदरबल के उपायुक्त जतिन किशोर, एसएसपी सुधांशु धामा समेत अन्य अधिकारियों ने यात्रियों का अभिनंदन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और उन्हें फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के लिए आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर हेल्प डेस्क की सेवाएं लेने की अपील की गई, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।

बालटाल में किए गए व्यापक इंतजामों और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए। पहले ही दिन बड़ी संख्या में पहुंचे यात्रियों को देखते हुए प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु शामिल हो सकते हैं।

झांसी से पहुंचे श्रद्धालु मुकेश ने बताया कि लंगर, ठहरने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की तैनाती से यात्रा के दौरान पूरी तरह सुरक्षित महसूस हो रहा है। वहीं श्रद्धालु प्रियंका वर्मा ने कहा कि पहले जत्थे का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों की सराहना की।

उधर, अमरनाथ यात्रियों का एक अन्य जत्था पहलगाम स्थित नुनवान बेस कैंप भी पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों, व्यापारिक संगठनों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने कश्मीर की पारंपरिक मेहमाननवाजी की प्रशंसा करते हुए यात्रा के लिए किए गए प्रबंधों पर संतोष जताया।

प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके। गांदरबल पुलिस ने भी जिले में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री सतीश शर्मा, डीआईजी मकसूद-उल-जमान, उपायुक्त जतिन किशोर और एसएसपी सुधांशु धामा ने यात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की।

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, जिससे यात्रा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरी हो सके।