35 बंदूकें और प्लान-B की बात कर रहा था संदिग्ध, महिला का खुलासा, हुआ गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में सुरक्षाबलों ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। वीडियो में एक महिला पर्यटक ने दावा किया था कि एक व्यक्ति ने उससे उसके धर्म के बारे में सवाल किया था। साथ ही 35 बंदूक भेजने और प्लान बी जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे सुना था। 

जांच के बाद गांदरबल पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसे पकड़ लिया है। उसकी पहचान अयाज अहमद जंगल के रूप में हुई। वह गांदरबल के गोहिपोरा रायजान का रहने वाला है। वह सोनमर्ग के थजवास ग्लेशियर में खच्चर सेवा देता है।

संदिग्ध को देखने वाली महिला ने बताया कि हम लोग 13 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर गए थे। हम लोगों ने जम्मू-कश्मीर का 10 दिन का ट्रिप बनाया था। इस ट्रिप में हम लोग पहले माता वैष्णो धाम गए। 15 तारीख को वैष्णो देवी से फ्री हुए और 16 अप्रैल को श्रीनगर पहुंचे। 17 और 18 तारीख को हम लोग श्रीनगर में घूमे और 19 तारीख को हम लोग सोनमर्ग और 20 तारीख को पहलगाम गए थे। पहलगाम में हम लोगों की खच्चर वालों से बात हुई तो वह हमें बायसरन घाटी ले गए जिसे मिनी स्विट्जरलैंड कहा जाता है। 

महिला ने बताया कि हम लोग बायसरन से 500 मीटर पहले एक जगह तक गए। वहां पर वह संदिग्ध था, जिसका स्केच जारी हुआ है। उसे हम पहचान रहे हैं। उसके साथ एक लड़का भी था। पहले हम लोगों को लगा कि वह खच्चर वाले हैं। उसने मुझसे पूछा कि आपका क्या नाम है? महिला ने जवाब दिया कि मेरा नाम एकता है और राजस्थान से हूं। उसने फिर मुझसे कहा कि आप अजमेर गई हो? मैंने कहा कि मैं अजमेर नहीं गई हूं। फिर उसने कहा कि आप अपने नाम के आगे क्या लगाती हैं? महिला ने कहा कि मैं एकता ही लिखती हूं। इसके बाद उसने पूछा कि कितने लोग आए हैं और कौन-कौन साथ आया है?

महिला से उसका धर्म पूछा और फोन पर किसी से 35 बंदूक भेजने की कही बात
महिला ने बताया कि बातचीत के दौरान संदिग्ध ने उनसे उनका धर्म भी पूछा। साथ ही कहा रहा था कि कुरान पढ़ो, कुरान हिंदी में भी है। मैं उसका टीचर भी रहा हूं। महिला ने बताया कि जब मैंने उससे कहा तो आप खच्चर क्यों चलाते हो तो वह चुप हो गया। इस बातचीत के दौरान उसका फोन आ जाता है। फोन पर वह किसी से कहता है कि 20 लोगों का ग्रुप आ रहा है। बातचीत के दौरान ही महिला ने सुना वह फोन पर बोल रहा था कि ब्रेक फेल नहीं हो पाया… प्लान बी। 35 बंदूक मैंने घाटी भिजवा दी हैं। बॉक्स भी पूरा भेज दिया है। फिर महिला ने अपने पति से कहा कि उसका फोटो ले लो चुपके से।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here