भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय स्वाथ्यय मंत्री जगत प्रसाद नड्डा ने मंगलवार को झारखंड के सत्तारूढ़ गठबंधन पर हमला बोला, जिसमें झामुमो, कांग्रेस और राजद शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये गठबंधन भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और वंशवाद की राजनीति का पर्याय है। उन्होंने मौजूदा सरकार को 'चोरों की सरकार' भी करार दिया।
हेमंत सोरेन आरोपों से मुक्त नहीं हैं- जेपी नड्डा
इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि वे अभी आरोपों से मुक्त नहीं हुए हैं और सिर्फ जमानत पर बाहर हैं। बता दें कि सीएम सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने 31 जनवरी को भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 28 जून को झारखंड उच्च न्यायालय ने जमानत दे दी थी।
'जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार 'चोरों की सरकार' है'
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार ने न केवल कई घोटालों को बढ़ावा दिया, बल्कि घुसपैठ के पीछे भी रही। कांग्रेस, झामुमो और राजद भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और वंशवाद की राजनीति के पर्याय हैं। ये वे लोग हैं जो आपके अधिकारों को हड़पते हैं। जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार 'चोरों की सरकार' है जो लोगों के अधिकारों को लूटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है- नड्डा
गिरिडीह के बगोदर में एक रैली को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने आरोप लगाया, उन्होंने 5,000 करोड़ रुपये का खनन घोटाला, 4000 करोड़ रुपये का जल जीवन मिशन घोटाला, 236 करोड़ रुपये का भूमि घोटाला और अन्य घोटाले किए। अब उन्हें उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, झारखंड जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन की तरफ से किए गए घुसपैठ के ग्रहण में है। इसे भाजपा हटाएगी
'जमीन हस्तांतरण को रोकने के लिए बनाएंगे कानून'
इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि, हम आदिवासी लड़कियों से शादी करने वाले घुसपैठियों की संतानों को जमीन हस्तांतरण को रोकने के लिए एक कानून बनाएंगे। भाजपा प्रमुख ने कहा कि झारखंड से एकल इंजन वाली सरकार को हटाने और यहां सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन वाली सरकार बनाने का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की छवि वैश्विक स्तर पर बदली है और उनकी सरकार की नीतियों के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।