झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भी जनता दल यूनाईटेड की तैयारी शुरू हो गई है। झारखंड जदयू के दिग्गज खीरू महतो सहित जदयू के बिहार-झारखंड के 20 से ज्यादा नेताओं ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर बैठक की।

इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के साथ ही झारखंड की विधानसभा सीटों को बांटने का प्राथमिक फैसला हुआ है। बैठक में जदयू की झारखंड राज्य इकाई ने अपनी ओर से 11 सीटों को चिह्नित कर दावा रखा। इन सीटों पर भाजपा के साथ बात करने में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय झा की अहम भूमिका होगी। झारखंड जदयू अध्यक्ष खीरू महतो ने बताया कि बैठक में झारखंड के दिग्गज नेता सरयू राय के मुद्दे पर भी बात हुई।

कुर्मियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल कराने की मांग
मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में जदयू  के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार और राज्यसभा सांसद खीरू महतो समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने कहा कि हम भाजपा के साथ गठबंधन में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने की उम्मीद कर रहे हैं। 

पार्टी के सर्वोच्च नेता के साथ जिन मुद्दों पर चर्चा हुई उनमें कुर्मियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करना भी शामिल था। झारखंड में कुर्मी नेता कुछ समय से मांग उठा रहे थे और आज पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधियों ने इसका समर्थन किया। अब हम आगे बढ़ेंगे। इस मुद्दे को संसद में और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाया जाएगा।

झारखंड के कुर्मी और कुशवाहा नेताओं के अनुरोध पर बुलाई थी बैठक
वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी एनडीए के हिस्से के रूप में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा रखती है। सीट-बंटवारे का फॉर्मूला तय होने के बाद के इस बारे में आगे की बात की जाएगीद्ध उन्होंने कहा कि आज की बैठक झारखंड के कुर्मी और कुशवाहा नेताओं के अनुरोध पर बुलाई गई थी।वह हमारे सीएम से मुलाकात की मांग कर रहे थे।