प्रदेश भाजपा ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा और पार्टी कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक महान व्यक्तित्व के धनी थे। वे मां भारती के सच्चे सपूत और कवि हृदय वाले नेता थे, जिनकी छवि झारखंड की जनता के दिलों में हमेशा रहेगी। उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के माध्यम से भारत के विकास की नींव रखी और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव और शहर के बीच की दूरी घटाई। साथ ही, पोखरण परमाणु परीक्षण से भारत की ताकत का विश्व स्तर पर परिचय कराया।

डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि अटल जी ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण का सपना पूरा किया और आधुनिक भारत के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि अटल जी जीवनभर अजातशत्रु रहे और उन्हें सभी राजनीतिक दलों में उतना ही सम्मान मिला जितना भाजपा में था। उन्होंने अपने जीवन का हर पल देश की सेवा में समर्पित किया और भारत का मान विश्व स्तर पर बढ़ाया।

श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, आरती कुजूर, विकास प्रीतम, सुनीता सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, सुबोध सिंह गुड्डू, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, अरुण झा, सूरज चौरसिया, सुनील साहू, दीनदयाल वर्णवाल, संजय चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।