झारखंड में पहले चरण के मतदान के बाद कांग्रेस दूसरे चरण दूसरे चरण के प्रचार में लग गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज गोड्डा में रैली की। उन्होंने इस रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर संविधान को कूड़ेदान में डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्होंने संविधान पढ़ा होता तो नफरत नहीं फैलाते। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने भाजपा पर मुंबई में धारावी की जमीन को उद्योगपति गौतम अदाणी को देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उद्योगपतियों की मदद से ही महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका गया। 

भाजपा पर लगाए आरोप
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "भाजपा संविधान को कूड़ेदान में डालने की कोशिश कर रही है। हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं। अगर प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान पढ़ा होता तो उन्होंने नफरत नहीं फैलाई होती और समाज को नहीं बांटा होता।" उन्होंने आगे कहा, "हमारी मोहब्बत की दुकान है, उनका नफरत का बाजार है; हम भाजपा की नफरत और हिंसा को मोहब्बत से खत्म कर सकते हैं।"

भाजपा पर मुंबई की जमीन उद्योगपतियों को सौंपने की कोशिश करने का आरोप
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर मुंबई के धारावी में एक लाख करोड़ रुपये की जमीन उद्योगपतियों को सौंपने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा, "हम प्रधानमंत्री मोदी से नहीं डरते, वह तो अरबपतियों की कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। जो अरबपति कहते हैं नरेंद्र मोदी वही करते हैं। पीएम मोदी ने गरीबों का पैसा छीनकर, अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपया माफ किया है। महाराष्ट्र में धारावी की एक लाख करोड़ रुपए की जमीन भी अडानी को सौंपी जा रही है। सच्चाई ये है कि महाराष्ट्र में हमारी सरकार को जमीन हथियाने के लिए ही गिराया गया है।"

झारखंड में पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर भी राहुल गांधी ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, झारखंड में भाजपा ने पिछड़े वर्ग का आरक्षण 27% से घटाकर 14% कर दिया था। एक तरफ नरेंद्र मोदी भाषण देते हैं- मैं पिछड़े वर्ग का हूं। वहीं दूसरी तरफ पिछड़े वर्ग का आरक्षण कम कर देते हैं, आपकी जमीन छीन लेते हैं, नोटबंदी कर बेरोजगार बना देते हैं। इसलिए झारखंड में हमने निर्णय ले लिया है- एसटी का आरक्षण 28% करेंगे, एससी का आरक्षण 12% करेंगे और ओबीसी का आरक्षण 27% करेंगे।