जालंधर में ग्लोब कालोनी के नजदीक इंडस्ट्रियल एरिया में एक पाइप फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री की बिल्डिंग में कई जगहों पर दरारें पड़ गई हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि ट्रांसफार्मर में धमाका हुआ। जिसके बाद बिजली सप्लाई लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।
हेडको नाम की पाइप फैक्ट्री में यह आग मंगलवार सुबह लगी। आसपास के लोगों का कहना है कि जिस वक्त आग लगी, उस वक्त कुछ मजदूर अंदर काम कर रहे थे। फैक्ट्री के मजदूरों ने पहले अंदर लगे अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन प्लास्टिक की पाइप होने की वजह से आग फैलती गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।
फिलहाल आग बुझाने का कार्य जारी है। उसके बाद ही पता चलेगा कि फैक्ट्री का कितना नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड अफसरों के मुताबिक, आग बुझाने के बाद कारणों की पड़ताल की जाएगी। वहीं, इंडस्ट्रियल एरिया होने की वजह से आसपास की फैक्ट्री के मालिक भी वहां पहुंच गए हैं। उनमें भी आग की वजह से खौफ है।