लुधियाना: पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का आज निधन हो गया है. वे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे जहां वे अचानक बीमार पड़ गए. आनन फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया. यहां उनका निधन हो गया. वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी धड़कन तेज हो गई. 

जालंधर से सांसद संतोख सिंह चौधरी की हालत बिगड़ते ही राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया और उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

https://twitter.com/ANI/status/1614109525157744641?t=rTi6ZkjiR6aoLamg5BRg0A&s=19

राहुल गांधी की यात्रा आज सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी. यात्रा को सुबह 10 बजे  जालंधर के गोराया में पहुंचना था, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम होता. उसके बाद शाम तीन बजे यात्रा को फिर से शुरू होती और शाम छह बजे  फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकती. आज यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था.

आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यात्रा को रोक दिया गया है. ऐसी खबर है कि भारत जोड़ो यात्रा को आज के लिए स्थगित कर दिया गया है.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया शोक 

कांग्रेस सांसद के निधन पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्हें गहरा दुख पहुंचा है. खड़गे ने लिखा, "हमारे सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ. उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है. दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ हूं. भगवान उसकी आत्मा को शांति दे." 

https://twitter.com/kharge/status/1614119193665998848?t=5Bb584UBPSGXy8V1kQ3UoA&s=19

लोकसभा अध्यक्ष और पंजाब सीएम ने शोक जताया 
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी दुख जताते हुए कहा, "जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे. सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत रही. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं." पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चौधरी संतोख सिंह के निधन पर शोक जताया है. 

https://twitter.com/ombirlakota/status/1614118478507827200?t=a_Zxk3IB2-Dq1yirdcjNrA&s=19
https://twitter.com/Jairam_Ramesh/status/1614122396683993088?t=L2mOyttt5wJ4MgxOBNHEFQ&s=19

जयराम रमेश ने जताई संवेदना, भारत जोड़ो यात्रा पर भी बोले
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, '76 साल के जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया. हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे. यात्रा के बारे में जानकारी शीघ्र ही साझा की जाएगी.'

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर ने जताया दुख

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी संतोख सिंह चौधरी के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं. वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें." 

https://twitter.com/capt_amarinder/status/1614115374336987136?t=Sr6wP8SKkMsPFJukn3L-HQ&s=19

30 जनवरी को यात्रा का समापन 

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समापन 30 जनवरी को कश्मीर के श्रीनगर में होगा. कश्मीर के लालचौक पर राहुल गांधी तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन करेंगे. भारत जोड़ो यात्रा के समापन को कांग्रेस विपक्षी एकता की ताकत दिखाना चाहती है, जिसके लिए समान विचारधारा वाले 21 दलों के नेताओं को न्योता भेजा गया है. हालांकि केसीआर से लेकर अरविंद केजरीवाल, एचडी देवगौड़ा और ओवैसी जैसे करीब 8 राजनीतिक दलों के नेताओं को नहीं बुलाया गया है.