दो उपमुख्यमंत्री के फॉर्मूले को लेकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ रहे शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को बड़ा एलान किया। उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार बनने पर दो उप-मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। एक उप-मुख्यमंत्री उनके सहयोगी दल बसपा के कोटे से बनाया जाएगा। इससे पहले सुखबीर एक उप-मुख्यमंत्री हिंदू बनाए जाने की घोषणा कर चुके हैं।

2022 के होने वाले चुनावी रण में शिरोमणि अकाली दल पहली बार भाजपा के बिना मैदान में उतरेगी। केंद्र के तीनों कृषि कानूनों के विरोध में शिअद ने अपने 24 साल पुराने राजनीतिक सहयोगी भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया था। जिसके बाद शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। गठबंधन के तहत सूबे की 117 विधानसभा सीटों पर शिअद 97 और बसपा 20 सीटों पर अपने अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार रही है। 

सुखबीर बादल ने बसपा के साथ गठबंधन कर राज्य के अनुसूचित वर्ग के वोट को साधने की कोशिश की है। इस चुनाव में शिअद दो उप-मुख्यमंत्री के फॉर्मूले को लेकर चुनाव लड़ रही है। एक हिंदू और दूसरा एससी चेहरा उप-मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। अब सुखबीर बादल ने तय कर दिया है कि एक उप-मुख्यमंत्री बसपा के कोटे से बनाया जाएगा। सुखबीर ने कहा है कि पंजाब में यदि गठबंधन की सरकार बनती है तो एक उप-मुख्यमंत्री बसपा के कोटे से बनाया जाएगा। सुखबीर ने कहा है कि यह चेहरा कौन होगा इसका फैसला बसपा के द्वारा ही किया जाएगा।