लुधियाना ज़िले के दोराहा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मलौद के पास जगेड़ा पुल के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गई। इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों की मृत्यु हो गई है, जबकि तीन श्रद्धालु अब भी लापता हैं।
करीब 20 लोग थे सवार, लौट रहे थे नैना देवी दर्शन से
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश स्थित माता नैना देवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। जीप में करीब 20 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक अधिकांश श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, दो बच्चों सहित तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं और तीन अन्य की तलाश जारी है।
बचाव अभियान जारी, पुलिस कर रही जांच
डीएसपी पायल हेमंत मल्होत्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, स्थानीय निवासियों और गोताखोरों के सहयोग से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। अब तक एक महिला और दो बच्चों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है। अभी तक मृतकों और लापता लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।