पंजाब में आम आदमी पार्टी की तरफ से सीएम उम्मीदवार घोषित किए गए सांसद भगवंत मान धुरी से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने यह जानकारी दी। भगवंत मान अभी संगरूर से सांसद हैं। 

भगवंत मान 2014 और 2019 में आम आदमी पार्टी से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। मान को जुग्नू नाम से भी पुकारते हैं। वह एक प्रसिद्ध पंजाबी कॉमेडियन भी रह चुके हैं। मान ने मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज नाम के टीवी शो में भी भाग लिया था। उनका जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था। उन्होंने पंजाब के संगरूर जिले के एस.यू.एस. सरकारी कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई बीच में छोड़ दी। उनकी शादी इंद्रप्रीत कौर से शादी हुई। सांसद बनने के एक साल बाद ही उनकी पत्नी अलग हो गईं। दोनों के दो बच्चे भी हैं, जो मां के साथ रहते हैं। 

भगवंत मान इस समय पंजाब में आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं। पेशे से कॉमेडियन भगवंत मान जट्ट सिख समुदाय से आते हैं। पंजाब की राजनीति में जट्ट सिख समुदाय 19 प्रतिशत है। हालांकि ये पंजाब का सबसे बड़ा वोट बैंक नहीं है लेकिन पंजाब की राजनीति में ये समुदाय ही सबसे ताकतवर माना जाता है।