नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से बनाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में सिंघु और कुंडली बॉर्डर पर संघर्ष कर रहे किसानों के संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने पंजाब किसान यूनियन के नेता रुलदू सिंह मानसा को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें 15 दिन के लिए सस्पेंड किया गया है। रविवार को सिंघु बॉर्डर पर हुई 21 किसान संगठनों की मीटिंग में ये फैसला लिया गया। मीटिंग के बाद संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किरती किसान यूनियन के उपाध्यक्ष राजिंदर सिंह दीपसिंहवाला ने इसकी पुष्टि की।

रुलदू सिंह पंजाब के मानसा जिले से ताल्लुक रखते हैं और उनकी यूनियन मालवा के कई जिलों में सक्रिय है। राजिंदर सिंह दीपसिंहवाला ने बताया कि रुलदू सिंह पिछले कुछ समय से संयुक्त किसान मोर्चा के स्टैंड से अलग हटकर बयानबाजी कर रहे थे। 21 जुलाई को भी उन्होंने भड़काऊ बयान दिया था। संयुक्त किसान मोर्चा उनके इन बयानों से इत्तेफाक नहीं रखता और इसी वजह से उन्हें 15 दिन के लिए सस्पेंड करने का फैसला किया है। राजिंदर सिंह के अनुसार, अगले 15 दिनों तक रुलदू सिंह संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से न तो कोई ऐलान कर सकेंगे और न ही मोर्चा के स्टेज से भाषण दे सकेंगे।

रुलदू सिंह से पहले संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी को भी 15 दिन के लिए सस्पेंड कर चुका है। चढ़ूनी ने किसानों से पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान सियासी तौर पर आगे आने की अपील की थी। संयुक्त किसान मोर्चा ने चढ़ूनी के उस बयान से असहमति जताते हुए उन्हें 8 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया था।

स्वतंत्रता दिवस पर निकाली जाने वाली ट्रैक्टर रैली से मोर्चा का संबंध नहीं
उधर रविवार को हुई 21 किसान संगठनों की मीटिंग के बाद किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बताया कि ऐसी खबरें आ रही हैं कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस वाले दिन हरियाणा में किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा स्पष्ट करता है कि इस ट्रैक्टर रैली से उसका कोई संबंध नहीं है।

सोमवार को संसद की तरफ मार्च करेगा महिलाओं का ग्रुप
किरती किसान यूनियन के उपाध्यक्ष राजिंदर सिंह दीपसिंहवाला ने बताया कि संसद के मानसून सत्र के दौरान किसानों की तरफ से भी दिल्ली में जंतर-मंतर पर किसान संसद की जा रही है। अब तक इसके दो सेशन हो चुके हैं। सोमवार को होने वाले किसान संसद के तीसरे सेशन के दौरान आंदोलनरत महिला किसानों का एक ग्रुप संसद की तरफ मार्च करेगा।