बारां। जिले में खनन कार्य में लगे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो मासूम भाई-बहन की मौत के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और शाहाबाद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक दिन पहले बरडिया रोड पर हुआ था, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा बढ़ गया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में खनन कार्य में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नियमों का पालन किए तेज रफ्तार में चलते हैं। लोगों का यह भी कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ते हैं, लेकिन इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि छोटे वाहनों पर चालान की कार्रवाई तेजी से होती है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान गुस्साए लोगों ने शाहाबाद रोड पर टायर जलाकर नारेबाजी की और यातायात को पूरी तरह रोक दिया। जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरस्पीड वाहनों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका।